लक्सर कोतवाली के गेट पर व्यक्ति ने खुद को लगाई आग, पुलिस ने कंबल डालकर बचाई जान

लक्सर। हरिद्वार जिले की लक्सर कोतवाली में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने थाने के प्रवेश द्वार पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए हवालात के कंबल डालकर आग बुझाई और उसकी जान बचाई। घटना में व्यक्ति आंशिक रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए सीएचसी लक्सर भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम एक व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल संख्या UK 08 BH 0865 से लक्सर कोतवाली पहुंचा। बताया गया कि उसने पहले से ही अपने शरीर पर तेल जैसा ज्वलनशील पदार्थ डाल रखा था। थाने के प्रवेश द्वार के बाईं ओर बाइक खड़ी करने के बाद उसने माचिस से खुद को आग लगा ली।
घटना देख थाना कार्यालय में तैनात दिवसाधिकारी उप निरीक्षक रोहित कुमार पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और हवालाती कंबल डालकर आग बुझाई। तब तक व्यक्ति आंशिक रूप से झुलस चुका था। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने पुलिसकर्मियों और मौके पर मौजूद शिकायतकर्ताओं के सामने उससे नाम-पता पूछा। व्यक्ति ने अपना नाम नारायण उर्फ नीटू पुत्र तेजपाल, निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द बताया।
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में आग लगाने का कारण पूछने पर नारायण ने अपने भाई के साथ जमीन विवाद की बात बताई। उसका आरोप था कि उसके भाई ने उसकी जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा करा दिया है। उसने बताया कि सोमवार को इस मामले को लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी, लेकिन किसी ने उसका साथ नहीं दिया। जब पुलिस ने पूछा कि क्या उसने इस संबंध में थाने में शिकायत दी है, तो उसने इससे इनकार किया।
इसके बाद उप निरीक्षक शहजाद अली और उप निरीक्षक यशबीर सिंह नेगी उसे निजी वाहन से उपचार के लिए सीएचसी लक्सर ले गए। मामले की जांच वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेश बिष्ट को सौंपी गई है। घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है।
अस्पताल में उपचार के दौरान तहसीलदार लक्सर के समक्ष दिए गए अपने डाइंग डिक्लेरेशन में नारायण ने आग लगाने की एक अलग वजह बताई। उसने कहा कि उसने खुद पर डीजल डालकर आग लगाई थी। उसके आरोप के मुताबिक, उसके साले ईश्वर सिंह ने उससे 30 लाख रुपये नकद लिए थे। नारायण ने बताया कि उसने साले से रुपये वापस करने या उसके बदले जमीन देने को कहा था, जिस पर कथित तौर पर उसे कहीं जाकर मर जाने की बात कही गई।
नारायण ने डिक्लेरेशन में अपने साले और एक अन्य व्यक्ति से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात कही है। पुलिस अब उसके दोनों बयानों को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की जांच कर रही है।
उप निरीक्षक शहजाद अली ने बताया कि थाने के प्रवेश द्वार पर एक व्यक्ति ने खुद को आग लगा ली थी। पुलिसकर्मियों की तत्परता से आग बुझाकर उसकी जान बचाई गई। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



