उत्तराखंड

हरिद्वार नगर निगम बोर्ड बैठक में शहर के कई इलाकों के नाम बदलने का प्रस्ताव, पार्किंग और विज्ञापन पर भी होगी चर्चा

हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार की बोर्ड बैठक सोमवार, 28 सितंबर को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में प्रस्तावित है। बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों के नाम बदलने, पार्किंग व्यवस्था, विज्ञापन, अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था और निगम की संपत्तियों के उपयोग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी। बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद कुछ क्षेत्रों के नाम बदलने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।

नगर निगम के एजेंडे के अनुसार, चमगादड़ टापू का नाम गंगा द्वीप, रोड़ी बेलवाला का हरि वन, गड्ढा पार्किंग का अलकनंदा पार्किंग, उत्तम बस्ती का उत्तम नगर और कबाड़ी बस्ती का सुंदर बस्ती किए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। प्रस्ताव में इन क्षेत्रों को नए और उचित नाम दिए जाने की बात कही गई है।

बैठक में नगर निगम से जुड़े विभिन्न मामलों में लंबित वादों के त्वरित निस्तारण के लिए विधि प्रकोष्ठ के गठन का प्रस्ताव भी रखा गया है। इसके अलावा किन्नर बधाई शुल्क के निर्धारण के लिए उपविधि बनाए जाने पर भी बोर्ड विचार करेगा।

संपत्ति अनुभाग से जुड़े कई प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल हैं। महापौर कार्यालय परिसर में अतिथिगृह, व्यावसायिक कांप्लेक्स और गंगा म्यूजियम बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं, पुरानी कचहरी में अतिथिगृह अथवा व्यावसायिक कांप्लेक्स के निर्माण पर भी विचार होगा।

नगर निगम क्षेत्र की सभी पार्किंग की निविदा का अधिकार नगर निगम हरिद्वार में निहित किए जाने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया है। इसी तरह क्षेत्र में लगाए जाने वाले सभी यूनिपोल विज्ञापनों का अधिकार भी निगम में निहित करने पर विचार किया जाएगा।

शहर में डिवाइडर पोल और विभिन्न कंपनियों के जगह-जगह लटके तारों को हटाने, नगर निगम की सीमाओं पर स्वागत द्वार बनाने तथा पन्नालाल भल्ला म्यूनिसिपल कॉलेज परिसर में विधि महाविद्यालय अथवा उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित किए जाने से जुड़े प्रस्ताव भी बोर्ड के समक्ष रखे जाएंगे।

ग्राम सराय स्थित खरीदी गई भूमि की सेल डीड निरस्त करने और भूमि खरीद के लिए भुगतान की गई धनराशि नगर निगम के खाते में वापस प्राप्त करने संबंधी प्रस्ताव पर भी चर्चा होनी है।

इसके अलावा मां मनसा देवी रोपवे के संचालन एवं अनुरक्षण की अवधि बढ़ाने की स्वीकृति तथा आगामी निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक अवधि बढ़ाने से संबंधित प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button