पिरान कलियर में आज से 758वां सालाना उर्स, 600 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा; 24 बैरियर और 13 पार्किंग स्थल तैयार

रुड़की। हरिद्वार में कांवड़ मेले के समापन के बाद अब पिरान कलियर में साबिर पाक का 758वां सालाना उर्स शुरू हो गया है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। उर्स की पहली रस्म मेहंदी डोरी के साथ 14 अगस्त से शुरू होगी।
उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे मेला क्षेत्र को चार जोन और 16 सेक्टर में बांटा गया है। करीब 600 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। पुलिस की नजर भीड़ प्रबंधन के साथ-साथ आपराधिक गतिविधियों पर भी रहेगी।
दरगाह के एक किलोमीटर दायरे में जीरो जोन
सुरक्षा के लिहाज से दरगाह परिसर के एक किलोमीटर के दायरे को जीरो जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अलग-अलग मार्गों से कलियर पहुंचने वाले जायरीनों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 24 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे, जबकि जायरीनों के वाहनों के लिए 13 पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं। 23 अगस्त से 28 अगस्त तक आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
बीडीएस टीम और खोया-पाया सेल रहेगा सक्रिय
पुलिस ने उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए बीडीएस टीम की तैनाती के साथ खोया-पाया सेल भी सक्रिय किया है। बड़ी भीड़ को देखते हुए जेबकतरों पर विशेष नजर रखी जाएगी और उनके खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के मुताबिक, 758वां सालाना उर्स अगले 10 से 15 दिनों तक चलेगा। उर्स को लेकर सुरक्षा और यातायात संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस का प्रयास रहेगा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले जायरीनों को किसी तरह की परेशानी न हो और पूरे आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।



