तीन महीने में तीसरी घटना, गोपाल हॉस्पिटल फिर सवालों के घेरे में।

बिजनौर – शहर स्थित गोपाल हॉस्पिटल एक बार फिर विवादों में आ गया है। हल्दौर के पत्रकार संजीव मिश्रा की 7 वर्षीय गोद ली हुई बच्ची की उपचार के दौरान मौत हो जाने के बाद परिजनों और अधिवक्ताओं ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।बताया गया कि बच्ची को बुखार की शिकायत होने पर बुधवार को गोपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।परिजनों का आरोप है कि इलाज में गंभीर लापरवाही बरती गई। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और डॉक्टर पंकज चौधरी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदारों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।आरोप है कि घटना के बाद डॉक्टर पंकज चौधरी अस्पताल से चले गए। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले लगभग तीन महीनों में गोपाल हॉस्पिटल में इस तरह की यह तीसरी गंभीर घटना है, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।हालांकि, इस मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है। मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग की जा रही है।



