डीएम ने निर्वाचन, सीएम डैशबोर्ड व आईजीआरएस की समीक्षा की, एडीजीसी पद के लिए मांगे आवेदन।

बिजनौर – कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में मंगलवार को निर्वाचन तैयारियों, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और आईजीआरएस शिकायतों को लेकर अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन संबंधी सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराने, 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों का सत्यापन कर आवश्यक पुनर्गठन करने तथा मतदान स्थलों से जुड़े सुझाव लेने के निर्देश दिए।सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान ‘सी’ और ‘डी’ रैंकिंग वाले विभागों को कार्ययोजना बनाकर प्रदर्शन सुधारने के निर्देश दिए गए। वहीं आईजीआरएस बैठक में शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर देते हुए खराब प्रदर्शन करने वाले ईओ, बीडीओ व एडीओ से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।इस दौरान जिला प्रशासन ने सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) के रिक्त पद पर नियुक्ति के लिए भी अधिसूचना जारी की। पात्र अधिवक्ता 12 जुलाई सायं पांच बजे तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। बैठकों में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



