उत्तराखंड

पौड़ी में बड़ा हादसा टला: चलती कार पर गिरा मलबा, एसडीआरएफ ने 6 लोगों को सुरक्षित निकाला

पौड़ी: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच पौड़ी जिले में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सतपुली-पौड़ी मोटर मार्ग पर अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर एक चलती कार पर आ गिरे। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार एक ही परिवार के छह लोगों की जान बाल-बाल बच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

 

चलती कार पर अचानक गिरा मलबा

 

जानकारी के अनुसार, थलीसैंण से दिल्ली जा रहा एक परिवार कार (UK 12 TA 1967) में सवार था। जैसे ही वाहन सतपुली-पौड़ी मार्ग से गुजर रहा था, अचानक पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर कार पर आ गिरे। हादसे में कार के शीशे टूट गए और पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार लोगों को मामूली चोटें आईं।

 

एक ही परिवार के छह लोग थे सवार

 

कार में संपत्ति देवी (68), दिलबर सिंह (46), करिश्मा नेगी (36), प्रशांत नेगी (13), ओजस नेगी (8) और वाहन चालक सवार थे। सभी हादसे में सुरक्षित बच गए।

 

एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

 

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सतपुली से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर टीम ने वाहन में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। भारी बारिश और लगातार भूस्खलन की आशंका के बीच राहत एवं बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

 

एसडीआरएफ की लोगों से अपील

 

एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने प्रदेशवासियों और यात्रियों से अपील की है कि लगातार बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें। यात्रा से पहले मौसम विभाग और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन, पुलिस या एसडीआरएफ को सूचना दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button