लालपुल बस हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच, डीएम ने एसडीएम सदर को सौंपी जिम्मेदारी

देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में 23 जून को हुए दर्दनाक बस हादसे की अब मजिस्ट्रियल जांच होगी। जिलाधिकारी आशीष चौहान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सदर को जांच अधिकारी नियुक्त किया है और एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
लालपुल के पास फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को बस ने कुचला था
23 जून 2026 की सुबह सहारनपुर रोड स्थित लालपुल के पास एक तेज रफ्तार सिटी बस ने फुटपाथ पर बैठे पांच मजदूरों को कुचल दिया था। हादसे में सभी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान 22 वर्षीय आहद और मानसिंह की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायलों का इलाज जारी है।
दुर्घटना के हर पहलू की होगी जांच
जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष और गहन जांच की जाए। जांच में दुर्घटना के कारण, बस में चालक सहित सवार यात्रियों की संख्या, मृतकों और घायलों का विवरण, घायलों की चिकित्सकीय स्थिति, मृतकों के उत्तराधिकारियों की जानकारी, परिवहन विभाग की तकनीकी रिपोर्ट, वाहन के कर एवं मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अनुपालन सहित सभी बिंदुओं की जांच की जाएगी।
भविष्य में हादसे रोकने के लिए मांगे जाएंगे सुझाव
जांच रिपोर्ट में भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी शामिल किए जाएंगे। जिलाधिकारी आशीष चौहान ने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाकर प्रभावी सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।
लोगों से मांगे गए साक्ष्य
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास दुर्घटना से संबंधित कोई साक्ष्य, जानकारी या बयान है तो वह एक सप्ताह के भीतर एसडीएम सदर कार्यालय अथवा न्यायालय में किसी भी कार्य दिवस पर प्रस्तुत कर सकता है।



