मामूली विवाद में 17 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या, इलाज के दौरान तोड़ा दम

रुद्रपुर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में मामूली कहासुनी खूनी वारदात में बदल गई। लालपुर चौकी क्षेत्र के टिब्बा इलाके में 17 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल किशोर ने हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया।
कहासुनी के बाद चली गोली
जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप निवासी 17 वर्षीय विक्रांत बागी गुरुवार शाम किसी काम से टिब्बा क्षेत्र गया था। इसी दौरान किच्छा के सैजनी गांव निवासी एक युवक से उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने तमंचे से विक्रांत पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
इलाज के दौरान हुई मौत
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल विक्रांत को पहले जिला अस्पताल रुद्रपुर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अस्पताल में हंगामा, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
किशोर की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।
आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
पुलिस हत्या के पीछे की वजह की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि विक्रांत टिब्बा क्षेत्र किस उद्देश्य से गया था और विवाद की असली वजह क्या थी।
सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।



