उत्तराखंड

जिम में एक्सरसाइज के दौरान एसओजी जवान की मौत, पुलिस महकमे में शोक की लहर

चंपावत: जिले के बनबसा क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। चंपावत एसओजी में तैनात 38 वर्षीय जवान गिरीश भट्ट की जिम में व्यायाम करते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

जानकारी के अनुसार बनबसा निवासी गिरीश भट्ट मंगलवार शाम एक स्थानीय जिम में नियमित रूप से व्यायाम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें खटीमा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जवान की मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

 

मृतक गिरीश भट्ट पुत्र स्वर्गीय जयदेव भट्ट, मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के निवासी थे और वर्तमान में बनबसा के भजनपुर क्षेत्र में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। जवान की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

गिरीश भट्ट एसओजी चंपावत के सक्रिय और तेजतर्रार जवानों में गिने जाते थे। विभिन्न महत्वपूर्ण पुलिस अभियानों में उनकी भूमिका सराहनीय रही थी। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों ने गहरा शोक व्यक्त किया।

 

पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव सहित पुलिस अधिकारियों, व्यापार मंडल, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने गिरीश भट्ट के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। उनका अंतिम संस्कार बनबसा स्थित शारदा घाट श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान और नम आंखों के साथ किया गया।

 

गिरीश भट्ट के निधन से पुलिस महकमे ने एक कर्मठ और समर्पित जवान को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button