स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार, 6 महिलाएं रेस्क्यू

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। तिकोनिया स्थित एक स्पा सेंटर पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य संचालक फरार बताया जा रहा है। मौके से कई महिलाएं रेस्क्यू की गईं। साथ ही आपत्तिजनक सामग्री, नकदी और रजिस्टर भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस को लंबे समय से स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और पुलिस की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस को स्पा सेंटर के अलग-अलग कमरों में युवक और युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले।
मौके पर मौजूद महिलाओं ने पूछताछ में आरोप लगाया कि उन्हें नौकरी और बेहतर कमाई का लालच देकर इस धंधे में धकेला गया था। महिलाओं ने स्पा संचालक, मैनेजर और अन्य कर्मचारियों पर दबाव बनाकर देह व्यापार कराने के आरोप लगाए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा की मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं, स्पा का मुख्य संचालक मौके से फरार मिला, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में आपत्तिजनक सामान, नकद धनराशि तथा ग्राहकों की एंट्री से जुड़े रजिस्टर बरामद किए हैं। सभी बरामद सामग्री को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया गया है।
पुलिस ने स्पा सेंटर में मौजूद महिलाओं को रेस्क्यू कर उनकी काउंसलिंग कराई और उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेज दिया। रेस्क्यू की गई महिलाएं दिल्ली, नेपाल, उत्तर प्रदेश समेत अन्य स्थानों की रहने वाली हैं।
आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ सिटी Amit Kumar ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद छापेमारी की गई। मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 6 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया है। फरार स्पा संचालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



