उत्तराखंड

बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा, ओवरटेक के दौरान पलटी मैक्स गाड़ी; चालक गंभीर, 8 यात्री घायल

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में शनिवार सुबह बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में मैक्स वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वाहन में सवार आठ अन्य यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया गया है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन Srinagar से रुद्रप्रयाग की ओर आ रहा था। इसी दौरान नारकोटा और रुद्रप्रयाग के बीच झिरमोली क्षेत्र के पास चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गया।

टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन हाईवे के नीचे गुजर रही सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना सुबह करीब 10:07 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को मिली, जिसके बाद जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत मौके के लिए रवाना हुए।

मौके पर 108 एंबुलेंस सेवा, स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम ने पहुंचकर सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक आठ यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चालक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है।

अधिकारी नंदन सिंह राजवार ने बताया कि जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। वहीं एआरटीओ धर्मेंद्र बिष्ट ने बताया कि हादसे की मुख्य वजह ओवरटेक के दौरान वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर तीखे मोड़ और संकरी सड़कें हैं। तेज रफ्तार और गलत तरीके से ओवरटेक करने के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button