होटल में हंगामे और मारपीट के मामले में चार गिरफ्तार।

बिजनौर – ( नजीबाबाद ) – हरीद्वार मार्ग पर स्थित राजन होटल में हंगामा, मारपीट और कथित रूप से दबाव बनाकर धन उगाही करने के मामले में पुलिस ने एक युवती समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।बताया गया कि हरिद्वार रोड स्थित राजन होटल में कुछ युवक-युवतियों ने पहुंचकर कर्मचारियों से कहासुनी की। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर फैल गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच करते हुए प्रियंका, जगजीत, अक्षय और बिट्टू को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर होटल संचालकों को धमकाने और अभद्रता करने के आरोप भी लगाए गए हैं।थाना नजीबाबाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।



