ऋषिकेश में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार

ऋषिकेश। सतर्कता विभाग की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पशुलोक बैराज क्षेत्र में तैनात एक जूनियर इंजीनियर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर टेंडर की पेमेंट जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह सरकारी विभाग में टेंडर का कार्य करता है और उसके द्वारा पशुलोक बैराज ऋषिकेश में एक कार्य कराया गया था। आरोप है कि कार्य की भुगतान राशि जारी करने के बदले संबंधित जूनियर इंजीनियर रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने मामले की जांच कर ट्रैप टीम का गठन किया। योजना के तहत टीम ने आरोपी जूनियर इंजीनियर फैसल खान को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कटोराताल, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। सतर्कता विभाग आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है।



