15 सितंबर से शुरू होगी केदारनाथ हेली सेवा, किराये में नहीं होगी बढ़ोतरी

देहरादून: चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में 15 सितंबर से शुरू हो रही केदारनाथ हेली सेवा को लेकर तीर्थयात्रियों के लिए राहत की खबर है। हेलिकॉप्टर से केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों के लिए फिलहाल हेली सेवा का किराया नहीं बढ़ाया जाएगा।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलीपैड से केदारनाथ हेली सेवा संचालित करने के लिए नौ कंपनियों के साथ अनुबंध किया था। इस दौरान अलग-अलग हेलीपैड से केदारनाथ आने-जाने के किराये में बदलाव किया गया था। फाटा हेलीपैड से केदारनाथ के किराये में बढ़ोतरी हुई, जबकि सिरसी हेलीपैड से किराया कम किया गया।
वर्तमान में गुप्तकाशी से केदारनाथ के लिए आने-जाने का किराया 12,154 रुपये, फाटा से 9,680 रुपये और सिरसी से 6,086 रुपये निर्धारित किया गया है। पिछले वर्ष की तुलना में गुप्तकाशी से हेली सेवा के किराये में 290 रुपये और फाटा से 838 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, सिरसी हेलीपैड से केदारनाथ हेली सेवा का किराया पिछले वर्ष की तुलना में 2,753 रुपये कम हुआ है।
चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में 15 सितंबर से केदारनाथ हेली सेवा दोबारा संचालित होगी। इसके लिए टिकट बुकिंग 7 सितंबर से आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगी।
यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि 15 सितंबर से केदारनाथ हेली सेवा संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल केदारनाथ हेली सेवा के किराये में कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी।



