उत्तराखंड

पुलिया पर खेल रही दो बच्चियां नाले में गिरीं, छह साल की बच्ची तेज बहाव में बही

हरिद्वार: सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। कृपाल स्कूल के पास पुलिया पर खेल रही दो बच्चियां अचानक नाले में गिर गईं। नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण छह वर्षीय बच्ची बह गई, जबकि सात वर्षीय बच्ची को आसपास मौजूद लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश में सर्च अभियान शुरू किया।

पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान कृपाल स्कूल के पास बच्चे पुलिया पर खेल रहे थे। बारिश के कारण नाले में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया और इसी दौरान दोनों बच्चियां नाले में गिर गईं। आसपास मौजूद लोगों ने सात वर्षीय हिमानी को किसी तरह नाले से बाहर निकाल लिया।

वहीं, छह वर्षीय विधिका तेज बहाव की चपेट में आकर नाले में बह गई। विधिका ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली, थाना कोतवाली देहात, बिजनौर की रहने वाली थी और वर्तमान में कृपाल नगर रावली महदूद में रह रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजय शाह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ के जवानों को भी बुलाया गया और नाले के कई स्थानों पर बच्ची की तलाश शुरू की गई। तेज बारिश और पानी के बहाव के बीच टीम ने काफी देर तक सर्च अभियान चलाया।

बच्ची की तलाश के लिए आसपास के नालों और संभावित स्थानों पर भी सर्च अभियान चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक बच्ची का कोई सुराग नहीं लग पाया था।

सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें बच्ची की तलाश में जुटी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button