उत्तराखंड

मानसून से पहले एनएचएआई का बड़ा कदम, एक्सप्रेस-वे पर बदली यातायात व्यवस्था

देहरादून। देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए अहम सूचना है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने मानसून से पहले सुरक्षा कार्यों को देखते हुए डाटकाली क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अस्थायी रूप से बदलने का निर्णय लिया है। यह डायवर्जन शुक्रवार से लागू होकर आठ जून तक प्रभावी रहेगा।

एनएचएआई के अनुसार डाटकाली क्षेत्र में पहाड़ी ढलानों को सुरक्षित बनाने और भूस्खलन के खतरे को कम करने के लिए विशेष कार्य किए जा रहे हैं। इसी कारण एक्सप्रेस-वे के करीब सवा किलोमीटर हिस्से में यातायात को अस्थायी रूप से परिवर्तित किया गया है।

नए यातायात प्रबंध के तहत सहारनपुर और दिल्ली की ओर से देहरादून आने वाले वाहनों को एक्सप्रेस-वे की बाईं लेन से दाईं लेन पर भेजा जाएगा। करीब सवा किलोमीटर तक वाहन इसी मार्ग से गुजरेंगे और डाटकाली सुरंग से पहले उन्हें फिर से बाईं लेन में लाया जाएगा।

वहीं देहरादून से सहारनपुर की ओर जाने वाले वाहनों को डाटकाली सुरंग पार करने के बाद पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। वाहन लगभग 1.3 किलोमीटर तक पुराने मार्ग से गुजरने के बाद दोबारा एक्सप्रेस-वे की दाईं लेन पर शामिल हो सकेंगे।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक सौरभ सिंह ने बताया कि निर्माण और सुरक्षा कार्यों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए मौके पर चौबीस घंटे फ्लैगमैन तैनात रहेंगे। साथ ही दिशा-सूचक बोर्ड और सुरक्षा संकेतक भी लगाए जाएंगे ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर चलें और निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें। विशेषकर रात और बारिश के समय वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button