भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में 2027 चुनाव पर मंथन, 597 पदाधिकारी होंगे शामिल; नितिन नवीन देंगे जीत का मंत्र

हल्द्वानी: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने 9 सितंबर को होने वाली भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर जानकारी दी है। बैठक में प्रदेशभर से कुल 597 पदाधिकारी शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के तौर पर बैठक में शिरकत करेंगे और पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
महेंद्र भट्ट के मुताबिक, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुधवार सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इसमें उत्तराखंड के सभी जिलों और संगठनात्मक इकाइयों से 597 पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, विकसित उत्तराखंड के रोडमैप और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर मंथन किया जाएगा।
बैठक में विकसित उत्तराखंड के रोडमैप को लेकर दो अहम प्रस्ताव भी रखे जाएंगे। इसके साथ ही 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की तैयारियों और पार्टी की चुनावी रणनीति पर गहन चर्चा होगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चुनावी जीत का मंत्र देंगे। संगठन को चुनावी मोड में लाने, बूथ स्तर तक तैयारियां मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के लक्ष्य को लेकर वह कार्यकर्ताओं को दिशा देंगे।
बैठक के दौरान नितिन नवीन युवाओं और खासकर Gen Z से संवाद भी करेंगे। इसके अलावा उनके पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होने का कार्यक्रम है। वहीं रुद्रपुर में सिख समाज के सम्मेलन को भी नितिन नवीन संबोधित करेंगे।
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की इस महत्वपूर्ण बैठक को लेकर संगठन के भीतर कुछ अन्य चर्चाएं भी हैं। प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम कार्यक्रम में नजर नहीं आ रहे हैं। वहीं उत्तराखंड भाजपा में महामंत्री संगठन का पद भी फिलहाल खाली है। ऐसे में प्रदेश प्रभारी और महामंत्री संगठन की गैरमौजूदगी के बीच होने वाली इस अहम बैठक पर भी सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
अब प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा किस तरह की रणनीति तय करती है और संगठन को चुनावी मैदान के लिए किस तरह तैयार किया जाता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।



