अपराधउत्तराखंड

मुनस्यारी में 14 वर्षीय किशोरी ने दिया बच्चे को जन्म, POCSO में मुकदमा दर्ज

पिथौरागढ़। मुनस्यारी से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 14 वर्षीय नाबालिग लड़की ने जिला अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। मामले में पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि किशोरी की एक साल पहले गुपचुप शादी की गई थी। आरोपी पति के खिलाफ पॉक्सो में मुकदमा दर्ज किया गया है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस पुणे जाने की तैयारी में है।

जानकारी के अनुसार, लड़की और आरोपी युवक एक-दूसरे को स्कूल से जानते थे। दोनों ने पिछले साल मंदिर में शादी की और बाद में पुणे में साथ रहने लगे, जहां युवक एक निजी कंपनी में काम करता है। डिलीवरी के समय वह पुणे में ही मौजूद था और अब तक मुनस्यारी नहीं लौटा है।

अस्पताल से पुलिस को मिली सूचना

प्रसव पीड़ा होने पर ससुराल पक्ष के लोग किशोरी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी। जांच कर रही सब-इंस्पेक्टर बबीता टम्टा ने बताया कि POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

पारिवारिक स्थिति भी जटिल

बताया जा रहा है कि किशोरी के पिता पुणे में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उसकी मां पहले ही परिवार छोड़ चुकी है। वह मुनस्यारी में अपनी सौतेली मां के साथ रह रही थी और शादी के बाद पुणे चली गई थी। लड़की के माता-पिता दोनों दूसरी शादी कर चुके हैं।

बाल कल्याण समिति (CWC) के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खाती ने बताया कि समिति को मामले की जानकारी दे दी गई है और अस्पताल में किशोरी की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। देखभाल के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास

पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुणे जा सकती है। अब तक आरोपी मुनस्यारी नहीं पहुंचा है। यदि आने वाले दिनों में भी वह नहीं आता है तो पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी। बलुवाकोट थानाध्यक्ष नीमा बोहरा ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है और आरोपी युवक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित

जिला महिला अस्पताल में भर्ती किशोरी की डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि आरोपी युवक 21 वर्ष का है और वर्तमान में पुणे में काम करता है। नवजात के जन्म के बाद वह नामकरण के लिए गांव आने वाला था, लेकिन कानूनी कार्रवाई शुरू होने के बाद वह घर नहीं लौटा है और फिलहाल पुणे में ही मौजूद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button