
उत्तराखंड मौसम । मौसम विभाग ने 15 अप्रैल की रात से एक नया लेकिन कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना जताई है। इसकी वजह से पूरे सप्ताह उत्तराखंड का मौसम प्रभावित रहेगा और ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश, आंधी-तूफान और बर्फबारी हो सकती है।
विभाग के अनुसार 15 अप्रैल को सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 16 से 19 अप्रैल के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान खासकर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार ऊंचे इलाकों में बर्फबारी 20 अप्रैल तक जारी रह सकती है।
गंगोत्री-यमुनोत्री कपाट खुलने पर असर की संभावना
मौसम में बदलाव के बीच 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने वाले हैं, जिससे चारधाम यात्रा की शुरुआत होगी। प्रशासन पहले से ही केदारनाथ में करीब चार फीट जमी बर्फ और यमुनोत्री में हाल की बर्फबारी से निपट रहा है। ताजा बर्फबारी से बर्फ हटाने के काम में और देरी हो सकती है तथा ट्रैकिंग मार्गों को सुरक्षित बनाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
15 से 20 अप्रैल तक मौसम का पूर्वानुमान
15 अप्रैल (बुधवार): सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
16 अप्रैल (गुरुवार): उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ बहुत हल्की वर्षा या 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी, बाकी जिलों में शुष्क मौसम।
17 अप्रैल (शुक्रवार): उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बहुत हल्की वर्षा व बर्फबारी की संभावना, अन्य जिलों में मौसम शुष्क।
18 अप्रैल (शनिवार): इन्हीं पांच जिलों में बहुत हल्की से हल्की वर्षा व बर्फबारी, अन्य जिलों में शुष्क मौसम।
19 अप्रैल (रविवार): उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गर्जन के साथ वर्षा/बर्फबारी, बाकी जिलों में शुष्क मौसम।
20 अप्रैल (सोमवार): उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में बहुत हल्की से हल्की वर्षा और बर्फबारी, शेष जिलों में शुष्क मौसम।
मैदानी इलाकों में बढ़ेगा तापमान
पहाड़ी इलाकों में जहां बारिश और बर्फबारी से ठंड बढ़ेगी, वहीं मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में अगले 4-5 दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। देहरादून में 14 अप्रैल को अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक पहुंचने और 17 अप्रैल के बाद हल्की गिरावट की संभावना है।
तापमान का हाल
पिछले दिनों मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में थोड़ा कम दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान मैदानी इलाकों में सामान्य से काफी कम और पहाड़ी क्षेत्रों में सामान्य से थोड़ा कम रहा।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस पंतनगर (ऊधम सिंह नगर) में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस मुक्तेश्वर (नैनीताल) में दर्ज किया गया।



