उत्तराखंड वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती, 22 सितंबर से आवेदन; 19 नवंबर से शारीरिक दक्षता परीक्षा

देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने उत्तराखंड वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। शारीरिक दक्षता परीक्षा 19 नवंबर से प्रस्तावित की गई है।
कुल 200 पदों में 105 पद सामान्य (अनारक्षित) श्रेणी के लिए हैं। अनुसूचित जाति के लिए 39, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 21 और अनुसूचित जनजाति के लिए आठ पद आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा नियमानुसार महिला, भूतपूर्व सैनिक, अनाथ, उत्कृष्ट खिलाड़ी और आंदोलनकारियों को क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा।
आवेदन के लिए अभ्यर्थी का विज्ञान या गणित विषय के साथ 12वीं पास होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी की आयु एक जुलाई 2026 को न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष होनी चाहिए। राज्य के आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
ये हैं महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर से शुरू होगी और आवेदन की अंतिम तिथि 22 अक्तूबर निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र में संशोधन 26 और 27 अक्तूबर को किया जा सकेगा। शारीरिक दक्षता परीक्षा की अनंतिम तिथि 19 नवंबर से प्रस्तावित है।
दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
स्केलर पदों पर चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले चरण में शारीरिक मानक एवं दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी, जो अर्हकारी होगी। इसके तहत पुरुष अभ्यर्थियों को चार घंटे में 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को चार घंटे में 14 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को शॉट पुट, लंबी कूद और ऊंची कूद में भी भाग लेना होगा।
शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए दूसरे चरण में 100 अंकों की दो घंटे की वस्तुनिष्ठ ऑफलाइन लिखित परीक्षा होगी। इसमें शैक्षिक योग्यता से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-चौथाई ऋणात्मक अंक काटे जाएंगे।
आवेदन शुल्क
सामान्य और उत्तराखंड ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है। उत्तराखंड एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 150 रुपये है। अनाथ अभ्यर्थियों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।



