उत्तराखंड

उत्तराखंड में बंद रहेगी 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन, जाना होगा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, जानिए वजह!

देहरादून। उत्तराखंड में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और परामर्श उपलब्ध कराने वाली 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन की सेवाएं एक से 9 नवंबर तक अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से नई कार्यदायी संस्था को हेल्पलाइन संचालन की जिम्मेदारी सौंपने और नया सॉफ्टवेयर स्थापित करने के चलते यह निर्णय लिया गया है। हेल्पलाइन की सेवाएं 10 नवंबर से दोबारा शुरू होंगी। इस दौरान लोग 104 नंबर के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, परामर्श और अन्य सेवाओं का लाभ नहीं ले सकेंगे।

नई संस्था संभालेगी हेल्पलाइन का संचालन

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन की जिम्मेदारी अब नई कार्यदायी संस्था वी विन लिमिटेड को सौंपी गई है। नई व्यवस्था के तहत हेल्पलाइन में नया सॉफ्टवेयर स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही सॉफ्टवेयर का तकनीकी परीक्षण और संचालन से जुड़ी अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी की जाएंगी, ताकि सेवाएं दोबारा शुरू होने पर सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

हेल्पलाइन बंद रहने पर स्वास्थ्य केंद्रों से लें परामर्श

104 हेल्पलाइन बंद रहने के कारण एक से 9 नवंबर तक लोगों को इस नंबर के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और परामर्श नहीं मिल पाएगा। ऐसे में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने लोगों से अपील की है कि इस अवधि में जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं और परामर्श के लिए अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या संबंधित स्वास्थ्य संस्थान से संपर्क करें।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक डॉ. अमित शुक्ला ने बताया कि नई कार्यदायी संस्था की ओर से संचालन शुरू करने और नया सॉफ्टवेयर स्थापित करने की तैयारी के चलते हेल्पलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। उन्होंने नागरिकों से इस अवधि में आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।

10 नवंबर से बहाल होंगी सेवाएं

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने हेल्पलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहने से लोगों को होने वाली असुविधा पर खेद जताया है। मिशन की ओर से 10 नवंबर से सेवाओं को दोबारा सुचारू रूप से शुरू करने के लिए जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। नई संस्था और सॉफ्टवेयर के माध्यम से हेल्पलाइन संचालन को व्यवस्थित बनाने पर भी काम किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button