
देहरादून। पुलिस ने तिब्बती बाजार के सामने दिनदहाड़े गोलीबारी में एक व्यवसायी की हत्या करने वाले संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने संदिग्धों को गिरफ्तार करते हुए विभिन्न आरोप लगाए हैं।
देहरादून में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। शहर से लेकर देहात तक सभी थाना क्षेत्रों में बदमाशों की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया।
लाडपुर जंगल में पहली मुठभेड़
तड़के सुबह रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया।
लालतप्पर में दूसरी मुठभेड़
इसी बीच लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर वह एक खंडर फैक्ट्री में घुस गया और वहां से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है।
हथियार और स्कूटी बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में दोनों बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है। पुलिस उनसे घटना के पीछे की वजह और साजिश को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
एसएसपी का बयान
एसएसपी देहरादून ने बताया कि पुलिस टीम की तत्परता और मुस्तैदी के चलते महज कुछ ही घंटों में इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया गया। आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है, हालांकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच यह घटना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आई थी।



