उत्तराखंड

7 चोरी की वारदातों का खुलासा: 45 मुकदमों वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, ₹2.28 लाख नकदी और बाइक बरामद

हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस ने लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र में हुई लगातार सात चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 28 हजार 200 रुपये की नकदी, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। मुख्य आरोपी पर 32 और उसके साथी पर 13 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

 

लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम की 7 चोरियों का खुलासा

 

पुलिस के अनुसार मई और जून के दौरान लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्रों में बंद दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा और उसके साथी राजू बहादुर को गिरफ्तार कर लिया।

 

पूछताछ में सात चोरी की घटनाएं कबूलीं

 

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लालकुआं की चार, मुखानी की दो और काठगोदाम की एक चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.28 लाख रुपये की नकदी, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और चोरी के पैसों से खरीदा गया करीब 16 हजार रुपये का मोबाइल फोन बरामद किया है।

 

रात में दुकानों के ताले तोड़कर करते थे चोरी

 

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा रात के समय बंद दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसता था और गल्लों से नकदी चोरी करता था। उसका साथी राजू बहादुर बाहर निगरानी करता था। चोरी की रकम दोनों नशे और अन्य खर्चों में उड़ा देते थे।

 

दोनों आरोपियों पर 45 आपराधिक मुकदमे

 

मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या के खिलाफ चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 32 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी राजू बहादुर पर 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

 

कोर्ट में पेश कर भेजा गया जेल

 

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि काठगोदाम, मुखानी और लालकुआं क्षेत्र में हुई सात चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button