उत्तराखंड

उत्तराखंड दौरे के तीसरे दिन टपकेश्वर पहुंचे नितिन नवीन, 2027 मिशन पर रहेगा फोकस

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के तीसरे और अंतिम दिन शनिवार को टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। उनके स्वागत के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता गढ़ी कैंट स्थित मंदिर परिसर में जुटने लगे हैं। मंदिर दर्शन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष संगठनात्मक और युवा कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन सुबह 9:30 बजे बूथ समिति की बैठक करेंगे। इसके बाद 11 बजे शिगनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी में शामिल होंगे। वहीं दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद करेंगे।

 

इससे पहले शुक्रवार को प्रवास के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों, महापौरों और संगठन के विभिन्न प्रतिनिधियों के साथ मैराथन बैठकें कीं। बैठकों में उन्होंने संगठन की मजबूती, अनुशासन और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार की हैट्रिक सुनिश्चित करने के लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा।

 

राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में नितिन नवीन ने सांसदों और विधायकों से जमीनी फीडबैक लिया। सूत्रों के अनुसार, वह प्रत्येक विधानसभा और बूथ स्तर की रिपोर्ट के साथ बैठक में पहुंचे थे। जहां कहीं जानकारी में विसंगति मिली, वहां उन्होंने संबंधित नेताओं को तुरंत सचेत भी किया। उन्होंने पार्टी नेताओं को सलाह दी कि संगठन से जुड़े मुद्दे सार्वजनिक मंचों या सोशल मीडिया तक नहीं पहुंचने चाहिए और आंतरिक मामलों का समाधान पार्टी के भीतर ही किया जाना चाहिए।

 

बैठक में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार वाली 23 सीटों पर भी विशेष चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि इन सीटों पर जीत सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की होगी। साथ ही संगठन की ओर से इन क्षेत्रों में पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की तैनाती भी की जाएगी।

 

भाजपा जिन 23 सीटों पर पिछला चुनाव हार गई थी, उनमें यमुनोत्री, बदरीनाथ, प्रतापनगर, चकराता, ज्वालापुर, भगवानपुर, झबरेड़ा, पिरान कलियर, खानपुर, मंगलौर, लक्सर, हरिद्वार ग्रामीण, धारचूला, पिथौरागढ़, द्वाराहाट, अल्मोड़ा, लोहाघाट, हल्द्वानी, जसपुर, बाजपुर, किच्छा, नानकमत्ता और खटीमा विधानसभा सीटें शामिल हैं।

 

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि बूथ स्तर की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के बीच निरंतर संवाद के जरिए 2027 विधानसभा चुनाव में पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल कर सकती है। नितिन नवीन का यह दौरा भी इसी रणनीति को धार देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button