उत्तराखंड में आंधी-तूफान का कहर, आकाशीय बिजली गिरने से दो सगे भाइयों की मौत, कई जिलों में बिजली-पानी व्यवस्था चरमराई

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में शुक्रवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने व्यापक तबाही मचाई। रुद्रप्रयाग जिले के तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र स्थित चंद्रशिला में आकाशीय बिजली गिरने से लखनऊ के दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन पर्यटक घायल हो गए। वहीं प्रदेश के कई जिलों में बिजली, पानी और यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित रही।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में मौसम अचानक खराब हो गया, जिससे बड़ी संख्या में पर्यटक ऊंचाई वाले इलाकों में फंस गए। प्रशासन ने तत्काल डीडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमों को मौके पर रवाना किया। इसी दौरान चंद्रशिला क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से लखनऊ निवासी 19 वर्षीय अभिनव वाजपेयी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बड़े भाई 22 वर्षीय अभिषेक वाजपेयी गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने के बाद अभिषेक ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में उन्नाव निवासी शुभम शुक्ला, आजन मिश्रा और नीव मिश्रा घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए ऊखीमठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। ऊखीमठ थाना प्रभारी मनोज नेगी ने दोनों भाइयों की मौत की पुष्टि की है।
45 से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया
खराब मौसम के कारण चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र में फंसे 45 से अधिक पर्यटकों का राहत एवं बचाव टीमों ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से खराब मौसम के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों और ट्रेकिंग मार्गों पर जाने से बचने की अपील की है।
कई जिलों में बिजली-पानी व्यवस्था ठप
आंधी और बारिश का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिला। पौड़ी, टिहरी, कोटद्वार, हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश और विकासनगर समेत कई क्षेत्रों में बिजली और पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही।
रुड़की में तेज तूफान के कारण 200 से अधिक पेड़ गिर गए और 80 से ज्यादा बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही। विकासनगर क्षेत्र में 73 बिजली पोल टूट गए और करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी विद्युत लाइन को नुकसान पहुंचा। ऋषिकेश में 50 से अधिक पेड़ गिरने के कारण करीब 16 घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। मसूरी और देहरादून में भी कई स्थानों पर नुकसान की सूचना मिली है।
हाईवे पर गिरे पेड़, तीन घंटे बाधित रहा यातायात
तेज तूफान के कारण रुड़की-देहरादून रोड, मिलिट्री अस्पताल क्षेत्र, गणेशपुर, नगला इमरती, ढंडेरा फाटक और लक्सर रोड समेत कई स्थानों पर भारी-भरकम पेड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिर गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद पेड़ों को काटकर सड़क से हटाया। करीब तीन घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
प्रदेश में मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव और कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।



