उत्तराखंडमौसम

उत्तराखंड में चढ़ा पारा, बारिश-बर्फबारी के अनुमान के बावजूद गर्मी का असर

उत्तराखंड मौसम अपडेट: उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से पर्वतीय इलाकों में मौसम खराब होने और बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है, लेकिन वास्तविकता इसके उलट नजर आ रही है। प्रदेश में मैदान से लेकर पहाड़ तक दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 10 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के आसार भी जताए गए हैं।

हालांकि फिलहाल प्रदेश में तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है। सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक बढ़कर 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री अधिक बढ़कर 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान में बढ़ोतरी का असर देखने को मिला। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री अधिक बढ़कर 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री अधिक बढ़कर 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अन्य कई क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। हालांकि आने वाले दिनों में पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना बनी हुई है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button