उत्तराखंड

जून में तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आ सकती हैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, आईएमए और केदारनाथ यात्रा प्रस्तावित

देहरादून: द्रौपदी मुर्मू का जून महीने में उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। संभावना जताई जा रही है कि राष्ट्रपति 12 से 14 जून तक तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ सकती हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम में देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) और केदारनाथ धाम की यात्रा शामिल है।

राष्ट्रपति के संभावित दौरे को लेकर राज्य सरकार और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। सचिवालय से लेकर जिला प्रशासन तक अधिकारी व्यवस्थाओं की समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण में जुटे हुए हैं।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 12 जून को देहरादून पहुंच सकती हैं। यहां राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति आशियाना में उनके रात्रि विश्राम का कार्यक्रम तय माना जा रहा है।

इसके बाद 13 जून को राष्ट्रपति के भारतीय सैन्य अकादमी पहुंचने की संभावना है। बताया जा रहा है कि वह आईएमए की पासिंग आउट परेड में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हो सकती हैं। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए अकादमी और प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

वहीं, 14 जून को राष्ट्रपति के केदारनाथ धाम जाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। संभावना है कि वह सुबह केदारनाथ के लिए रवाना होंगी और दर्शन के बाद वापस दिल्ली लौट जाएंगी।

मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर देहरादून जिला प्रशासन ने भी प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए विभिन्न स्थलों का निरीक्षण शुरू कर दिया है।

हालांकि, राष्ट्रपति के इस दौरे को लेकर अभी अंतिम स्वीकृति नहीं मिली है, लेकिन संभावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए प्रशासन पूरी तैयारियों में जुट गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button