उत्तराखंडदेहरादून

माटी कला बोर्ड में नियुक्तियों पर पुनर्विचार करे सरकार

प्रजापति समाज की बैठक एवं संवाद कार्यक्रम में उठे कई मुद्दे
कुम्हारों के लिए आवंटित 24 बीघा भूमि पर अवैध कब्जे पर नगर निगम में धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी

देहरादून : चकराता रोड स्थित कुम्हार मंडी में प्रजापति समाज की बैठक एवं संवाद कार्यक्रम में आयोजित किया गया, जिसमें उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से समाज के महत्वपूर्ण व्यक्ति शामिल हुए। इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही माटी कला बोर्ड में उपाध्यक्ष एवं सदस्यों में गैर कुम्हारों की नियुक्तियों पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सरकार से उन पर पुनर्विचार की मांग की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व राज्य मंत्री मेला राम प्रजापति ने माटी कला बोर्ड में नियुक्तियों पर सरकार से पुनर्विचार कर माटी कला एवं इससे जुड़े पारंपरिक कारीगरों के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की है। कहा कि माटी कला बोर्ड का मूल उद्देश्य पारंपरिक माटी शिल्प से जुड़े कुम्हार समाज के कारीगरों के आर्थिक, सामाजिक और व्यावसायिक विकास को बढ़ावा देना है। ऐसे में बोर्ड के महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति करते समय इस क्षेत्र के पारंपरिक अनुभव, विशेषज्ञता और समाज की भागीदारी को विशेष महत्व दिया जाना चाहिए। सरकार द्वारा हाल में की गई नियुक्तियों को लेकर प्रजापति समाज में असंतोष है। हमारी मांग है कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से पुनर्विचार करे और माटी कला से जुड़े योग्य एवं अनुभवी लोगों की पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित करे। इससे बोर्ड अपने मूल उद्देश्य के अनुरूप अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेगा।

विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय प्रजापति महासभा के प्रदेश अध्यक्ष संजय प्रजापति ने एकजुटता पर बल दिया। बैठक के दौरान समाज में शिक्षा, स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर, युवाओं को आगे बढ़ाने तथा राजनीतिक हिस्सेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। संवाद में लोगों ने इन क्षेत्रों में समाज की भागीदारी बढ़ाने और युवाओं को उचित अवसर उपलब्ध कराने पर सुझाव रखे। इस दौरान देहरादून के शास्त्रीनगर में कुम्हारों के लिए आवंटित 24 बीघा भूमि पर अवैध कब्जे का मुद्दा भी उठाया गया। जिससे जल्द ही कब्जा न हटने पर नगर निगम में धरना-प्रदर्शन करने पर भी सहमति बनी। संचालन योगेश प्रजापति ने किया।
कार्यक्रम में प्रजापति सामाजिक संस्था देहरादून के अध्यक्ष एडवोकेट चन्द्रपाल प्रजापति, संरक्षक राजकुमार दक्ष, विनय प्रजापति, ओमप्रकाश प्रजापति, ऋषिकेश से पार्षद देवेंद्र प्रजापति, रुड्की से पार्षद यजुर प्रजापति, अशोक प्रजापति, योगेश प्रजापति, अंकित प्रजापति, राजकुमार प्रजापति, अनिल वर्मा, प्रजापति भ्रगुनाथ पंडित, कृपाल प्रजापति सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button