उत्तराखंडशिक्षा

टैक्सी चालक की बेटी गीतिका पंत बनी प्रदेश टॉपर, 98% अंक हासिल कर रचा इतिहास

बागेश्वर। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच पली-बढ़ी गीतिका पंत ने मेहनत और लगन के दम पर उत्तराखंड इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे जिले में खुशी की लहर है।

सैज, तहसील रोड निवासी गीतिका पंत सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, चौरासी की छात्रा हैं। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में जश्न का माहौल बन गया और शिक्षकों ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी।

गीतिका के पिता चंद्रशेखर पंत एक टैक्सी चालक हैं, जो कड़ी मेहनत से परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी माता रितिका पंत गृहिणी हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद परिवार ने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।

यह पहला मौका नहीं है जब गीतिका ने शैक्षणिक उत्कृष्टता दिखाई हो। इससे पहले उन्होंने हाईस्कूल परीक्षा में 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉपर का स्थान प्राप्त किया था।

गीतिका अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देती हैं। उनका कहना है कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर मेहनत से हर सपना पूरा किया जा सकता है। भविष्य में वह इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं।

गीतिका की यह सफलता प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणादायक मिसाल बन गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button