
देहरादून। बीते कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के बाद उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। देर शाम बदरीनाथ धाम में बारिश के साथ बर्फबारी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम में ठंडक घुल गई।
मौसम विभाग ने पहले ही राज्य के कई पर्वतीय जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया था। विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई थी। साथ ही 4400 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार बताए गए थे।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक मैदानी जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।



