उत्तराखंड

देहरादून में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से चेन लूट, बातचीत के बहाने रोका और झपट्टा मारकर भागा बदमाश

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर में कड़ी सुरक्षा और चेकिंग के बीच चेन लूट की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बसंत विहार थाना क्षेत्र के वसंत विहार फेज-2 में एक्टिवा सवार बदमाश ने बातचीत के बहाने 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को रोका और उनके गले से चेन झपट ली। वारदात के दौरान हुई धक्का-मुक्की में महिला सड़क पर गिर गईं। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग महिला शाम के समय लाठी के सहारे वसंत विहार फेज-2 में टहल रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा पर सवार एक युवक वहां पहुंचा। महिला को देखने के बाद वह कुछ दूरी पर गया और फिर वापस लौट आया। आरोपी ने महिला के पास एक्टिवा रोकी और उनसे बातचीत करने लगा।

महिला जब आरोपी से बात कर रही थीं, तभी युवक ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारकर चेन छीन ली। चेन लूटने के दौरान हुई जोर-जबरदस्ती में महिला सड़क पर गिर गईं। इसके बाद आरोपी एक्टिवा से मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद बुजुर्ग महिला के बेटे ने बसंत विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर देहरादून में पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। इसके बावजूद पॉश इलाके में बुजुर्ग महिला के साथ हुई लूट की घटना से स्थानीय लोगों में चिंता है।

पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की हैं। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा और आरोपी के हुलिए के आधार पर भी उसकी तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button