उत्तराखंड

25 लाख की साइबर ठगी मामले में STF की बड़ी कार्रवाई, पश्चिम बंगाल से दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस ने 25 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के दो सदस्यों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान तपन बिस्वास और उत्तम कुमार दास के रूप में हुई है। दोनों पर साइबर अपराधियों को बैंक खाते, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और बैंकिंग डिटेल उपलब्ध कराने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, देहरादून निवासी एक व्यक्ति ने मार्च 2026 में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात साइबर ठगों ने उनका मोबाइल फोन हैक कर ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर बदल दिए तथा उनकी कंपनी के बैंक खाते से करीब 24.95 लाख रुपये की रकम निकाल ली।

मामले की जांच के दौरान साइबर पुलिस को मिले डिजिटल साक्ष्यों से आरोपियों के तार पश्चिम बंगाल से जुड़े मिले। इसके बाद एसटीएफ की विशेष टीम 14 जून को पश्चिम बंगाल रवाना हुई और 18 जून को उत्तर 24 परगना जिले से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 डेबिट कार्ड, 3 मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, ब्लैंक चेक और बैंक खाते खोलने से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अलग-अलग लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और बैंकिंग जानकारी साइबर अपराधियों तक पहुंचाते थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी उत्तम कुमार दास ने अपने नाम पर भी कई बैंक खाते खुलवाकर उनका इस्तेमाल साइबर ठगों के लिए किया।

एसटीएफ के अनुसार, आरोपी तपन बिस्वास साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए संदिग्ध बैंक खातों के संचालन और रकम के लेनदेन में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। वहीं, उत्तम कुमार दास के खाते में पीड़ित की ठगी गई रकम की दूसरी लेयर में ट्रांसफर होने के प्रमाण मिले हैं।

एसएसपी एसटीएफ Ajay Singh ने बताया कि दोनों आरोपी संगठित साइबर अपराध गिरोह के लिए बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड उपलब्ध कराने का काम करते थे। मामले में आगे की जांच जारी है और बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button