उत्तराखंडमौसम

उत्तराखंड में भीषण गर्मी का कहर, मैदानी जिलों में येलो अलर्ट; देहरादून में 12वीं तक स्कूल बंद

उत्तराखंड मौसम। देश के अन्य हिस्सों की तरह उत्तराखंड में भी गर्मी तेजी से बढ़ रही है। प्रदेशभर में तीखी धूप और तपती हवाओं से लोग परेशान हैं। मैदानी इलाकों के साथ अब पहाड़ों पर भी तपिश महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने मैदानी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। हीटवेव की आशंका के चलते देहरादून में कक्षा 12वीं तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। यह इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा, जबकि अप्रैल माह में यह दूसरा सर्वाधिक तापमान है। इससे पहले वर्ष 2009 में 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था।

मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिला। रुड़की और हरिद्वार में लगातार दूसरे दिन तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। पंतनगर में 39.8 डिग्री और रुद्रपुर में 40.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

पहाड़ी जिलों में भी पारा सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। मुक्तेश्वर में तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है। टिहरी में 28.5 डिग्री, पिथौरागढ़ में 31.2 डिग्री और नैनीताल में 30.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो इस साल का सबसे गर्म दिन रहा।

देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने हीटवेव अलर्ट को देखते हुए सोमवार को कक्षा 12वीं तक सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। साथ ही स्कूलों और अस्पतालों को आवश्यक बचाव उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि सोमवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button