कथित ऑडियो में बालकराम के परिवार और बेटियों पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, सीएम धामी ने दिए जांच के आदेश

देहरादून। कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह व राजपाल सिंह से जुड़े कथित वायरल ऑडियो मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लिया है। शनिवार को मुख्यमंत्री ने पीड़ित बालक राम की बेटी दीक्षा से फोन पर बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग और सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए एसएसपी को मामले की गंभीरता से जांच करने और नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति या परिवार को भय के माहौल में रहने के लिए मजबूर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उसे न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
क्या है कथित वायरल ऑडियो का मामला?
दरअसल, कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर चकराता से कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई चमन सिंह और राजपाल सिंह से जुड़ा एक कथित ऑडियो वायरल हुआ था। आरोप है कि इसमें त्यूणी क्षेत्र के निवासी बालक राम, उनके परिवार और उनकी बेटियों के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और उन्हें धमकाया गया। हालांकि, वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता और उसमें लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मामले के सामने आने के बाद भाजपा नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने कथित वायरल ऑडियो और पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच कराने की मांग की थी। मुख्यमंत्री धामी ने भी 22 अक्टूबर को इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वायरल ऑडियो की जांच जरूरी है।
अब मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से सीधे बातचीत कर उन्हें सुरक्षा और न्याय का भरोसा दिया है। साथ ही पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।



