अपराधउत्तराखंडदेहरादून

देहरादून में 34 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, एएनटीएफ और राजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

देहरादून। राजधानी देहरादून में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना राजपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने एक नशा तस्कर को 112 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी कीमत करीब 34 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार राजपुर क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट, बार, वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर धोरण पुल के पास से एक व्यक्ति को पकड़ा गया। आरोपी की पहचान राहुल चौधरी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 112 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त कार को भी सीज कर लिया गया है।

थाना राजपुर प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि आरोपी उत्तर प्रदेश के नगीना का निवासी है और स्वयं भी नशे का आदी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह सहारनपुर और बिजनौर से हेरोइन लाकर देहरादून में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहा था।

रायवाला में भी कार्रवाई

इसी क्रम में रायवाला थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार से शराब की सप्लाई कर रहे शिवम और ईशु कश्यप को पकड़ा। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

“ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” अभियान जारी

उत्तराखंड में “ड्रग्स फ्री” अभियान के तहत पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इस अभियान के अंतर्गत पहले भी कई तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button