रुड़की नगर पंचायत में हंगामा: विधायक के बेटे पर कर्मचारियों से अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा का आरोप

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित रामपुर नगर पंचायत कार्यालय में कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद के बेटे पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। मामले में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने पुलिस को शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना 3 अगस्त की दोपहर रामपुर नगर पंचायत कार्यालय में हुई। अधिशासी अधिकारी रोहित पंवार द्वारा गंगनहर कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद के बेटे सलमान ने कार्यालय में कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। शिकायत के अनुसार, घटना के कारण कुछ समय के लिए कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित हुआ।
नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि वर्तमान में कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित कार्य चल रहा है, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग कार्यालय पहुंच रहे हैं। ऐसे समय में हुई इस घटना से कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया।
सीसीटीवी और मोबाइल वीडियो सामने आने का दावा
अधिकारियों का दावा है कि पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। इसके अलावा घटनास्थल पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से भी वीडियो बनाया, जो अब सामने आया है।
अधिशासी अधिकारी रोहित पंवार ने बताया कि सलमान तत्काल अपना काम कराने का दबाव बना रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और कार्यालय में हंगामे की स्थिति बन गई। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विधायक फुरकान अहमद से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। उनका पक्ष सामने आने पर उसे भी शामिल किया जाएगा।



