उत्तराखंड

कांवड़ यात्रा में दिखा राष्ट्रभक्ति का रंग, अग्नि-5 मिसाइल थीम वाली कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र

हरिद्वार: कांवड़ यात्रा-2026 में इस बार शिवभक्ति के साथ राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम भी देखने को मिल रहा है। हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों के बीच बहादराबाद टोल प्लाजा के पास अग्नि-5 मिसाइल और भारत की सामरिक शक्ति की थीम पर तैयार की गई विशेष कांवड़ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। राहगीर और अन्य कांवड़िए इस अनोखी कांवड़ के साथ फोटो और वीडियो बनाते नजर आए।

 

दिल्ली के दीपांशु भोला, राजवीर और हर्ष ने इस विशेष कांवड़ को तैयार किया है। कांवड़ में तिरंगे के रंगों के साथ अग्नि-5 मिसाइल का प्रतीकात्मक स्वरूप बनाया गया है, जिसका उद्देश्य भारतीय सेना के शौर्य और देश की रक्षा क्षमता के प्रति सम्मान व्यक्त करना है।

 

भारतीय सेना को समर्पित है विशेष कांवड़

 

कांवड़िए दीपांशु भोला ने बताया कि उनकी यह कांवड़ देश की सीमाओं पर तैनात भारतीय सैनिकों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सेना की वीरता से प्रेरित होकर इस वर्ष अग्नि-5 मिसाइल की थीम को शामिल किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के प्रशंसक हैं और इससे पहले भी अलग-अलग थीम पर कांवड़ तैयार कर चुके हैं।

 

हर साल नई थीम के साथ निकलते हैं कांवड़िए

 

कांवड़िए राजवीर ने बताया कि उनका उद्देश्य शिवभक्ति के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष वे किसी नई थीम पर कांवड़ तैयार करते हैं। पिछले वर्ष उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल की थीम पर कांवड़ बनाई थी, जबकि इस बार भारत की बढ़ती सामरिक क्षमता और आत्मनिर्भर रक्षा शक्ति को दर्शाने के लिए अग्नि-5 मिसाइल की थीम को चुना गया है।

 

श्रद्धालुओं के बीच बना आकर्षण का केंद्र

 

हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली रवाना हुआ यह कांवड़ियों का दल 11 अगस्त को अपने गंतव्य पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेगा। यात्रा मार्ग पर जहां-जहां यह विशेष कांवड़ पहुंची, वहां लोगों ने रुककर इसे देखा और भारतीय सेना के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कांवड़ यात्रा में यह अनूठी प्रस्तुति श्रद्धा के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश भी देती नजर आई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button