पाकिस्तान लिंक वाले ऑनलाइन ट्रांजेक्शन नेटवर्क में रुड़की की युवती गिरफ्तार, करोड़ों के लेनदेन का खुलासा

हरिद्वार : हरिद्वार के रुड़की क्षेत्र से गिरफ्तार सोनम मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध ऑनलाइन ट्रांजेक्शन नेटवर्क में गिरफ्तार सोनम कथित तौर पर करोड़ों रुपये के लेनदेन में शामिल थी। जांच एजेंसियों के अनुसार सोनम खुद के बैंक खाते का इस्तेमाल नहीं करती थी, बल्कि अलग-अलग लोगों के खातों के जरिए रकम ट्रांसफर कराई जाती थी। बताया जा रहा है कि उसके पास करीब 15 बैंक खातों की जानकारी और संचालन था, जिनमें अधिकांश खाते मुस्लिम समुदाय से जुड़े लोगों के नाम पर थे।
आर्थिक तंगी में जुड़ी नेटवर्क से
जानकारी के मुताबिक, कलियर क्षेत्र के आसफनगर गांव निवासी सोनम आर्थिक तंगी से जूझ रही थी। गांव की एक युवती ने उसे जम्मू-कश्मीर निवासी उमर का नंबर दिया था। काम की तलाश में सोनम ने उमर से संपर्क किया और धीरे-धीरे इस संदिग्ध नेटवर्क का हिस्सा बन गई। पूछताछ में उसने बताया कि शुरुआत में उसकी केवल उमर से व्हाट्सएप कॉल पर बातचीत होती थी। बाद में उमर ने उसकी पहचान आदिल और हजीब नाम के लोगों से कराई।
एटीएम से निकालकर दूसरे खातों में जमा करती थी रकम
पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनम एक खाते से पैसे निकालकर दूसरे खातों में जमा करती थी। वह एटीएम से नकदी निकालती और फिर अलग-अलग बैंक खातों में लगभग 30-30 हजार रुपये जमा कराती थी। जांच एजेंसियों को शक है कि इसी तरीके से करोड़ों रुपये का अवैध लेनदेन किया गया।
सूत्रों के अनुसार, बैंक खातों में रकम आते ही सोनम को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा जाता था। अगर वह मैसेज नहीं देखती थी तो तुरंत कॉल आती थी। इसके बाद वह बैंक जाकर पैसे ट्रांसफर करने का काम करती थी।
राहुल खान के मोबाइल से मिला सुराग
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि जम्मू में गिरफ्तार राहुल खान के मोबाइल फोन से सोनम का नंबर मिला था। मोबाइल की जांच में कुछ बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए, जिन्हें राहुल खान ने सोनम को भेजा था। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस हरिद्वार पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से सोनम को गिरफ्तार किया गया।
खाते बंद होते ही मिल जाते थे नए अकाउंट
पूछताछ में यह भी सामने आया कि जैसे ही कोई बैंक खाता बंद होता, सोनम को नया एटीएम कार्ड और पासबुक उपलब्ध करा दी जाती थी। अब तक करीब पांच खाते बंद हो चुके हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन खातों में कितनी रकम ट्रांसफर हुई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पाकिस्तान कनेक्शन की जांच तेज
जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क के पाकिस्तान कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह केवल ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का मामला है या इसके पीछे कोई बड़ा संगठित गिरोह सक्रिय है। हाल ही में जम्मू-कश्मीर के कठुआ से जुड़े करोड़ों रुपये के अवैध ट्रांजेक्शन मामले में कई राज्यों में नेटवर्क फैले होने के संकेत मिले थे, जिसके बाद हरिद्वार में यह कार्रवाई की गई।



