रुड़की में दौड़ती इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क पर दौड़ रही एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी सवार युवक ने समय रहते फुर्ती दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि देखते ही देखते स्कूटी पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, शक्ति विहार कॉलोनी निवासी आशु कुमार अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह रेलवे स्टेशन के पास अनमोल मेडिकल स्टोर के सामने पहुंचे, स्कूटी से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही क्षणों में वाहन में आग लग गई।
स्थिति को भांपते हुए आशु कुमार तुरंत स्कूटी से उतर गए। उनके सुरक्षित निकलते ही आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में राहगीर वहां जमा हो गए। हालांकि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में लोगों की भीड़ लग गई और यातायात भी प्रभावित रहा।
गौरतलब है कि रुड़की में वाहनों में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी सीबीआरआई कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की बाइक में आग लग गई थी। उस समय चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बाइक को गंगनहर किनारे ले जाकर आग बुझाने का प्रयास किया था, जबकि फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था।
फिलहाल इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



