उत्तराखंड

बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार, खुद को बताया बेकसूर

चमोली/बदरीनाथ: बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के बहुचर्चित मामले में उत्तराखंड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है। प्रमोद नौटियाल बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष के वैयक्तिक सहायक (पीए) के पद पर तैनात थे और मामला सामने आने के बाद से फरार चल रहे थे।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बदरीनाथ थाने लाया गया, जहां पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस ने आरोपी का लैपटॉप और अन्य संबंधित सामान भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में प्रमोद नौटियाल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह बेकसूर हैं।

पुलिस के अनुसार, मंदिर समिति की ओर से एफआईआर दर्ज होने के बाद चढ़ावा गणना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में चढ़ावे की गणना के दौरान कथित हेराफेरी की घटनाएं कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। पुलिस अब सभी डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

गौरतलब है कि 2 जुलाई को भैरव सेना ने बीकेटीसी अध्यक्ष के पीए पर चढ़ावे की राशि में हेराफेरी के आरोप लगाए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) ने चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया। 7 जुलाई को जांच टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य अभिलेखों की समीक्षा के बाद प्रथम दृष्टया प्रमोद नौटियाल को दोषी माना, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया और उसी रात बदरीनाथ थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।

एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था और उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला। इस बीच उसने हाईकोर्ट में एफआईआर और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग भी की थी। वहीं, 11 जुलाई को विभागीय जांच समिति ने अपनी 18 पन्नों की रिपोर्ट सीईओ को सौंपी, जिसमें आरोपी पर कई अवसरों पर चढ़ावे की राशि में कथित हेराफेरी किए जाने का उल्लेख किया गया है। मामले की जांच सरकार द्वारा गठित आयुक्त (कमिश्नर) की अध्यक्षता वाली समिति भी कर रही है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले की जांच जारी है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button