उत्तराखंड

हरिद्वार में कांवड़ मेले के पहले दिन धंसी सड़क, गड्ढे में गिरी महिला; CCTV वीडियो वायरल, तैयारियों पर उठे सवाल

हरिद्वार: कांवड़ मेला-2026 के पहले ही दिन हरिद्वार में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। ललतारौ पुल के पास बीच बाजार में अचानक सड़क धंस गई, जिससे वहां से गुजर रही एक महिला यात्री गड्ढे में गिर गई। हादसे में महिला को हल्की चोटें आईं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

अचानक धंसी सड़क, गड्ढे में गिरी महिला

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार सुबह बाजार में भारी भीड़ के बीच एक महिला अपने परिजनों के साथ पैदल जा रही थी। जैसे ही वह ललतारौ पुल के पास एक होटल के सामने पहुंची, उसके पैर पड़ते ही सड़क धंस गई और वह मिट्टी के साथ गड्ढे में जा गिरी। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत महिला को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि महिला को मामूली चोटें आई हैं।

 

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

 

घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला हाथ में बैग लेकर सड़क पर चलती दिखाई देती है। अचानक सड़क धंस जाती है और वह गड्ढे में समा जाती है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

 

PWD ने बताई सड़क धंसने की वजह

 

घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को बैरिकेडिंग कर सुरक्षित किया। अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सड़क के नीचे पानी की पाइपलाइन में रिसाव (लीकेज) होने की बात सामने आई है। लगातार रिसाव के कारण नीचे की मिट्टी कमजोर हो गई थी और दबाव पड़ने पर सड़क धंस गई। शाम तक गड्ढे को भरकर आवाजाही बहाल कर दी गई।

 

तैयारियों पर उठे सवाल

 

कांवड़ मेले के पहले ही दिन हुई इस घटना के बाद प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं। हरिद्वार में आगामी दिनों में करोड़ों कांवड़ियों के पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में सड़क धंसने जैसी घटनाएं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बन गई हैं।

 

उल्लेखनीय है कि हरिद्वार शहर में पिछले एक वर्ष से नई सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर लाइन बिछाने के बाद कई स्थानों पर सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। इससे पहले खड़खड़ी और पावन धाम रोड क्षेत्र में भी सड़क धंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें वाहन तक सड़क में धंस गए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button