उत्तराखंड

स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड पुलिस के 14 कार्मिकों को मिलेगा मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक, दो को मरणोपरांत सम्मान

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस के 14 अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए “मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक” प्रदान किए जाने की घोषणा की है। इनमें आठ पुलिस कार्मिकों का चयन सेवा के आधार पर और छह का विशिष्ट कार्य के लिए किया गया है।

डीजीपी दीपम सेठ ने पदक के लिए चयनित सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिस कार्मिकों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाभाव का सम्मान है। इससे पुलिस बल के अन्य कार्मिकों को भी अपने दायित्वों का और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा मिलेगी।

सेवा के आधार पर मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक के लिए पुलिस महानिरीक्षक साइबर/एसटीएफ उत्तराखंड नीलेश आनंद भरणे, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, पुलिस उपाधीक्षक सचिवालय/विधानसभा सुरक्षा भास्कर लाल शाह, पुलिस उपाधीक्षक चमोली त्रिवेन्द्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक पुलिस मुख्यालय मनीष जस्वाल, निरीक्षक नागरिक पुलिस पुलिस मुख्यालय गिरीबर सिंह रावत, निरीक्षक नागरिक पुलिस पुलिस मुख्यालय मोहम्मद यासीन और 40वीं वाहिनी पीएसी के गुल्मनायक दिनेश चन्द्र का चयन किया गया है।

विशिष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में स्वर्गीय मनोज मनराल, निरीक्षक अभिसूचना एलआईयू देहरादून को मरणोपरांत सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा स्वर्गीय विनोद कुमार, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस टिहरी गढ़वाल को भी मरणोपरांत पदक प्रदान किया जाएगा।

विशिष्ट कार्य के लिए चयनित अन्य पुलिस अधिकारियों में पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम पुलिस थाना देहरादून शान्तनु पराशर और पुलिस उपाधीक्षक अभिसूचना मनोज असवाल शामिल हैं।

मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक के लिए चयनित इन पुलिस कार्मिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। पदक की घोषणा को उत्तराखंड पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सम्मान माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button