उत्तराखंड

हेमकुंड साहिब यात्रा में शांति और अनुशासन बनाए रखें, श्रद्धालुओं से ट्रस्ट की अपील

गोविंदघाट। गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने पवित्र हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन, शांति और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। ट्रस्ट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने कहा कि सभी श्रद्धालु धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए श्रद्धा और सम्मान के साथ यात्रा संपन्न करें।

 

ट्रस्ट की ओर से जारी संदेश में बताया गया कि 23 मई से शुरू हुई श्री हेमकुंड साहिब यात्रा में अब तक हजारों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और लगातार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन जारी है। ऐसे में सभी यात्रियों की जिम्मेदारी है कि वे यात्रा की गरिमा बनाए रखें और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे धार्मिक भावनाओं या परंपराओं को ठेस पहुंचे।

 

सरदार सेवा सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद या वाद-विवाद से बचना चाहिए तथा कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिख धर्म में शस्त्रों का विशेष महत्व है, लेकिन उनका उद्देश्य धर्म की रक्षा करना है, न कि प्रदर्शन या दुरुपयोग। इसलिए श्रद्धालु अनावश्यक रूप से शस्त्र लेकर यात्रा पर न आएं। विशेष रूप से बच्चों को किसी भी प्रकार के शस्त्र साथ रखने से बचाया जाए।

 

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के कारण देवभूमि के रूप में विश्वभर में प्रसिद्ध है। यहां बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे पवित्र धाम स्थित हैं, वहीं श्री हेमकुंड साहिब भी प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल है।

 

ट्रस्ट ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए राज्य सरकार और प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। किसी भी समस्या या विवाद की स्थिति में श्रद्धालु कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें और अपनी शिकायत दर्ज कराएं।

 

गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button