
देहरादून | उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार में हाल ही में कैबिनेट मंत्री बनाए गए खजान दास एक बार फिर चर्चा में हैं। समाज कल्याण मंत्री खजान दास सोमवार को अपने सरकारी आवास के आवंटन में हो रही देरी को लेकर बेहद नाराज नजर आए।
रेसकोर्स स्थित विधायक आवास में उन्होंने राज्य सम्पत्ति विभाग के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह रावत और व्यवस्थाधिकारी रविन्द्र पांडे को तलब कर जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द आवास आवंटन की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई तो वह मामले को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाने को बाध्य होंगे।
23 मार्च को किया था आवेदन, अब तक स्थिति अस्पष्ट
मंत्री खजान दास ने बताया कि 20 मार्च को कैबिनेट विस्तार के बाद उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 23 मार्च को नियमानुसार यमुना कॉलोनी में सरकारी आवास के लिए राज्य सम्पत्ति विभाग को आवेदन सौंप दिया गया था।
लेकिन चार मई तक भी यह स्पष्ट नहीं किया गया कि उन्हें कौन सा आवास आवंटित किया जा रहा है। उनका आरोप है कि जब उनका स्टाफ फाइल की स्थिति जानने के लिए विभाग से संपर्क करता है तो अनभिज्ञता जताई जाती है और केवल यह कहा जाता है कि फाइल आगे भेज दी गई है।
इस पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने तीखा सवाल किया कि आखिर उनकी फाइल कहां भेजी गई है, “नागलोक या स्वर्गलोक?”। उन्होंने कहा कि मंत्री बनने के बाद उनकी जिम्मेदारियां और दायित्व बढ़ गए हैं। बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने आ रहे हैं, लेकिन वर्तमान विधायक हॉस्टल आवास में जगह सीमित होने के कारण कार्यालय संचालन में दिक्कत आ रही है।
विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
मंत्री ने राज्य सम्पत्ति विभाग की कार्यप्रणाली को खेदजनक बताते हुए कहा कि विभाग सरकारी भवनों पर अवैध कब्जे हटाने में तो असफल रहता है, जबकि नियमों के तहत आवेदन करने वालों को अनावश्यक रूप से लंबित रखा जाता है। उन्होंने विभाग को अपनी कार्यशैली सुधारने की हिदायत दी।
अन्य मंत्रियों को मिल चुके आवास
यमुना कॉलोनी में खजान दास के साथ शपथ लेने वाले अन्य मंत्रियों को सरकारी आवास आवंटित किए जा चुके हैं।
मदन कौशिक को आर-07 और राम सिंह कैड़ा को आर-05 आवास आवंटित हुआ है, हालांकि दोनों में अभी मरम्मत कार्य चल रहा है।
वहीं प्रदीप बत्रा हाल ही में अपने सरकारी आवास में गृह प्रवेश कर चुके हैं।
हाल ही में विवादों में भी रहे
गौरतलब है कि खजान दास हाल ही में उस समय भी सुर्खियों में आए थे, जब उनके बेटे की शादी राजाजी टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित क्षेत्र में आयोजित किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हुआ था।
विभाग की सफाई
मामले में अपर सचिव लक्ष्मण सिंह रावत ने कहा कि संबंधित कोठी की मेंटीनेंस के आदेश जारी कर दिए गए हैं। अन्य मंत्रियों के आवासों की मरम्मत के आदेश भी किए जा चुके हैं। जल्द ही आवास सुपुर्द कर दिए जाएंगे, जिससे मंत्रियों को राहत मिलेगी।
फिलहाल मंत्री खजान दास की नाराजगी के बाद विभाग ने यमुना कॉलोनी में आवंटन का भरोसा दिया है, लेकिन अब तक कोई लिखित आदेश जारी नहीं हुआ है।



