फर्जी ‘बिहार सरकार’ नेम प्लेट लगाकर केदारनाथ यात्रा पर निकली स्कॉर्पियो सीज, अवैध हूटर भी जब्त

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान वीआईपी रुतबा दिखाने की कोशिश एक वाहन चालक को भारी पड़ गई। रुद्रप्रयाग पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई करते हुए फर्जी तरीके से ‘बिहार सरकार’ की नेम प्लेट लगाकर चल रही स्कॉर्पियो को सीज कर दिया। साथ ही वाहन में लगा अवैध हूटर भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार चारधाम यात्रा मार्ग पर नियमों का उल्लंघन करने वालों, फर्जी पहचान का इस्तेमाल करने वालों और अवैध वीआईपी संस्कृति पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोनप्रयाग क्षेत्र में चेकिंग के दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो (BR 01 FT 2735) को रोका गया, जिस पर बड़े अक्षरों में ‘बिहार सरकार’ लिखा हुआ था।
जांच के दौरान पुलिस को वाहन में ऐसा कोई व्यक्ति नहीं मिला, जिसका संबंध उक्त सरकारी नेम प्लेट से साबित हो सके। वहीं वाहन में लगा हूटर भी अवैध पाया गया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि यात्रा के दौरान विशेष सुविधाएं प्राप्त करने और चेकिंग से बचने के उद्देश्य से सरकारी पहचान का दुरुपयोग किया जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर ही वाहन से अवैध हूटर और फर्जी नेम प्लेट हटाकर जब्त कर ली। साथ ही स्कॉर्पियो को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
एसपी नीहारिका तोमर ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में कानून से ऊपर कोई नहीं है। फर्जी वीआईपी संस्कृति, अवैध हूटर और सरकारी पहचान के दुरुपयोग को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद यात्रा मार्ग पर फर्जी सरकारी पहचान और वीआईपी रौब दिखाने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने यात्रियों से भी नियमों का पालन करने और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।



