उत्तराखंड

EPFO खाताधारकों को बड़ी राहत: अब मृत्यु और रिटायरमेंट क्लेम का निपटान एक ही दिन में

देहरादून: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) से जुड़े लाखों खाताधारकों के लिए राहत भरी खबर है। अब मृतक कर्मचारियों के आश्रितों के भविष्य निधि (पीएफ) दावों का निपटान एक ही दिन में किया जाएगा। इसके साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी उनके पीएफ का भुगतान एक दिन के भीतर सुनिश्चित करने की व्यवस्था लागू की जा रही है। ईपीएफओ डिजिटल सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए सीआईटीईएस (CITES) प्रणाली भी लागू कर रहा है।

मृत्यु और रिटायरमेंट क्लेम होंगे तेजी से निपटाए

शुक्रवार को ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त अजय ने बताया कि संगठन ने क्लेम निपटान प्रक्रिया को और अधिक तेज एवं पारदर्शी बनाने के लिए कई सुधारात्मक कदम उठाए हैं। अब मृतक कर्मचारियों के आश्रितों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के दावों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर एक दिन के भीतर किया जाएगा।

उत्तराखंड में 7.74 लाख से अधिक सदस्य

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान में 9,744 अंशदायी प्रतिष्ठान और 7,74,377 ईपीएफओ सदस्य पंजीकृत हैं। प्रदेश में सभी दावों का निपटान निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जा रहा है।

‘संवेदना सेल’ से मिलेगी त्वरित सहायता

अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त ने बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय में स्थापित ‘संवेदना सेल’ मृत्यु दावों के त्वरित, संवेदनशील और त्रुटिरहित निपटान के लिए कार्य कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य शोकाकुल परिवारों को बिना अनावश्यक देरी के आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

डिजिटल सिस्टम होगा और मजबूत

ईपीएफओ ने अपनी सेवाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल सिस्टम को सुदृढ़ करने की दिशा में सीआईटीईएस (CITES) प्रणाली लागू करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इससे भविष्य में क्लेम प्रक्रिया और अधिक आसान तथा तेज होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button