सितारगंज में भीषण सड़क हादसा: टैक्सी कार और बाइक की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लगी आग, दो युवकों की मौत

खटीमा: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिडोरा मझोला बाजार के पास टैक्सी कार और बाइक की आमने-सामने की भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद टैक्सी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लगी आग
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे बिडोरा मझोला बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार टैक्सी कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में तोड़ा दम
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल बाइक सवार युवकों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को उपजिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की शिनाख्त में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल दोनों मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
फरार चालक की तलाश जारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त टैक्सी कार सीएनजी से संचालित थी और प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण सीएनजी को माना जा रहा है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।
फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद कार और बाइक में लगी आग पर काबू पाया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



