उत्तराखंड

इंस्टाग्राम रील ने खोली चोरी की पोल, 10 लाख के हीरे-सोने के गहनों संग घरेलू सहायिका गिरफ्तार

देहरादून: सोशल मीडिया पर बनाई गई एक इंस्टाग्राम रील घरेलू सहायिका के लिए मुसीबत बन गई। देहरादून में एक महिला को हीरे का हार पहनकर रील बनाना भारी पड़ गया। जिस हार को वह अपना बताकर सोशल मीडिया पर दिखा रही थी, वह दरअसल उसकी मालकिन के घर से चोरी किया गया था। रील पीड़िता के परिचितों तक पहुंची तो चोरी का राज खुल गया। सूचना मिलने पर राजपुर थाना पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर करीब 10 लाख रुपये कीमत के हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए हैं।

रील देखकर हुआ चोरी का खुलासा

पुलिस के अनुसार, आईटी पार्क क्षेत्र निवासी नितिशा वत्स ने 1 जुलाई को थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के आभूषण गायब हो गए थे। उस समय उन्हें लगा था कि शायद उन्होंने गहने कहीं रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दे दिए हैं।

कुछ दिन पहले उनके एक परिचित ने इंस्टाग्राम पर एक महिला की रील और फोटो दिखाई, जिसमें वह हीरे का हार पहने नजर आ रही थी। नितिशा ने पहचान लिया कि वह उनकी पूर्व घरेलू सहायिका है और उसके गले में दिखाई दे रहा हार उन्हीं का चोरी हुआ हार है।

घरेलू सहायिका निकली चोर

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी महिला को जोहड़ी रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां और एक सोने का पेंडल बरामद किया।

लालच में की थी चोरी

पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह नितिशा वत्स के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। घर के लॉकर में रखे महंगे गहनों को देखकर उसके मन में लालच आ गया। करीब एक साल पहले मौका पाकर उसने हीरे और सोने के आभूषण चोरी कर लिए। बाद में उसने मालकिन को भरोसा दिलाया कि शायद उन्होंने गहने कहीं और रख दिए होंगे।

बेच नहीं पाई, रील बनाकर फंस गई

आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी के बाद उसने कई बार गहने बेचने का प्रयास किया, लेकिन महंगे हीरे और सोने के आभूषण होने के कारण खरीदार नहीं मिला। इसी दौरान उसने गहने पहनकर इंस्टाग्राम पर रील और फोटो पोस्ट कर दी, जिसने आखिरकार उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button