धामी कैबिनेट में विभागों का हुआ बंटवारा, 9 साल बाद धन सिंह रावत से लिया गया स्वास्थ्य विभाग वापस

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। इस फेरबदल में नए मंत्रियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, वहीं कुछ पुराने मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव किया गया है।
इन मंत्रियों से हटाए गए विभाग
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग, सतपाल महाराज से पंचायतीराज और जलागम, सुबोध उनियाल से तकनीकी शिक्षा व भाषा, जबकि गणेश जोशी से ग्राम्य विकास विभाग वापस ले लिया गया है। वहीं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और सौरभ बहुगुणा के विभागों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
डॉ. धन सिंह रावत से हटाया गया स्वास्थ्य विभाग
सबसे बड़ा बदलाव डॉ. धन सिंह रावत के विभागों में देखने को मिला है। करीब नौ साल बाद उनसे स्वास्थ्य महकमा वापस ले लिया गया है। अब उनके पास विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, संस्कृत शिक्षा और सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी रहेगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों का जिक्र
डॉ. रावत ने बताया कि अपने कार्यकाल में उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया। डॉक्टरों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति की गई। उन्होंने दावा किया कि विभाग में 10 हजार से अधिक पदों पर भर्तियां कराई गईं और दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के प्रयास किए गए।
पुराने मंत्रियों के वभागों में भी बदलाव
कैबिनेट विस्तार के साथ ही चार पुराने मंत्रियों के विभागों में आंशिक फेरबदल किया गया है। इस बदलाव को प्रशासनिक संतुलन और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सियासी मायनों में अहम फैसला
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, विभागों का यह बंटवारा आने वाले समय में सरकार की कार्यशैली और मंत्रियों के प्रभाव को तय करेगा। नए और पुराने चेहरों के बीच संतुलन बनाते हुए यह फैसला 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर भी अहम माना जा रहा है।



