
ऋषिकेश : उत्तराखंड के ऋषिकेश में पुलिस ने एक होटल में चल रहे अवैध धंधे का पर्दाफाश किया है। मुखबिर की सूचना पर आईडीपीएल क्षेत्र स्थित होटल में देर रात छापेमारी की गई। अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई—यहां अवैध कैसीनो और शराब पार्टी संचालित की जा रही थी।
10 युवतियों समेत 40 लोग गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान मौके से 10 युवतियों सहित कुल 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया। होटल के भीतर जुए से संबंधित सामग्री, भारी मात्रा में शराब और करीब 60 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
दिल्ली से बुलाई गई थीं युवतियां
कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि होटल में युवतियों को बार डांसर के रूप में प्रदर्शन के लिए बुलाया गया था। साथ ही मेहमानों को खाना और शराब परोसने का काम भी कराया जा रहा था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवतियों को दिल्ली से बुलाया गया था।
नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने मौके पर ही पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई की। सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध कैसीनो का संचालन कब से और किन-किन लोगों की मिलीभगत से किया जा रहा था।



